
कोलकाता/कुल्टी: लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED), पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने 17, कॉन्वेंट रोड, कोलकाता स्थित निर्माणाधीन इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

करीब ₹76 करोड़ की लागत से बन रही इस परियोजना में 11,970 वर्गमीटर क्षेत्र में सात मंजिला आरसीसी संरचना, दो मंजिला विद्युत उपकेंद्र, एक मंजिला कैंटीन, सीमावर्ती दीवार, आंतरिक सड़क, भूमिगत सीवर सिस्टम, केबल ट्रेंच और ईटीपी समेत अन्य अवसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों व अभियंताओं ने परियोजना की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। मंत्री ने गुणवत्ता बनाए रखने, फायर सेफ्टी, जल संरक्षण, पौधारोपण और तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डॉ. पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना पूरी होने पर न्यूरोसाइंस चिकित्सा व अनुसंधान को नई दिशा देगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply