आमटाल के पंजनियातांड में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई ग्राम पूजा

बलियापुर : आमटाल के पंजनियातांड में सदियों पुरानी परंपरा के तहत ग्राम पूजा श्रद्धा, आस्था और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। ग्रामीण पूजा समिति (सोलह आना) के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव की सुख-समृद्धि, शांति और आरोग्य की कामना की गई। पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।


ग्राम पूजा के मुख्य पुजारी गोलक रवानी एवं अजीत रवानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर देव-देवताओं का आह्वान किया तथा गांव की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। आयोजन में सोलह आना समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने में अमित, निरंजन, कमल, गौतम, रोहित, भोला, गुणा और कालू सहित समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूजा संपन्न होने के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन ने एक बार फिर ग्रामीण एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *