
गोमिया। गोमिया पंचायत स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य राधा-कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गोमिया के विभिन्न टोलों, गांवों और वार्डों से करीब 600 बच्चों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में भाग लिया।

मोर मुकुट, बांसुरी और राधा के श्रृंगार में सजे छोटे-छोटे बच्चे जब मंच पर आए तो पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। इसके साथ ही भक्ति नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने ‘राधे-राधे’, ‘मधुबन में जो कन्हैया’ और ‘गो गो गोविंदा’ जैसे भक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। पूरे परिसर को फूलों, गुब्बारों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य सह भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज और मुखिया बलराम रजक उपस्थित थे। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार दिया गया।
पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि इतना भव्य आयोजन देखकर लगा जैसे साक्षात राधा-कृष्ण धरती पर उतर आए हों। ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को जीवित रखते हैं। डॉ. सुरेंद्र राज ने कहा कि ठाकुरबाड़ी का यह आयोजन अब गोमिया की सांस्कृतिक पहचान बन गया है। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
Leave a Reply