
रांची: त्योहारी सीजन में बैंकों में छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से व्यापारियों को हो रही परेशानी पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है। चैंबर ने रिजर्व बैंक, एसएलबीसी और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को पत्र लिखकर 10, 20, 50 और 100 रुपये के नये नोटों तथा 5 और 10 रुपये के सिक्कों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि रांची समेत राज्य के सभी जिलों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से कमी की शिकायतें मिल रही हैं। दीपावली और छठ में नये नोटों से पूजा तथा शगुन देने की परंपरा को देखते हुए बैंकों को अपनी शाखाओं से इनका वितरण करना चाहिए। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सिक्का मेला आयोजित करना चाहिए। बैंकिंग उपसमिति के चेयरमैन महेंद्र जैन ने इस पहल में बैंकों को सहयोग देने की बात कही।



