खेलगांव-नामकुम आरओबी समेत कई परियोजनाओं को प्राथमिकता, समयसीमा में अधिग्रहण पूरा करने पर जोर

रांची: राजधानी की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति देने के लिए पथ निर्माण विभाग ने भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की बाधाएं दूर करने की पहल की है। विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जमीन और मुआवजे के कारण निर्माण कार्य लंबित नहीं रहे। जिन योजनाओं में मुआवजे की राशि जारी हो चुकी है, वहां तत्काल काम शुरू कराया जाए।
प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में खेलगांव-नामकुम रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), दुर्गा सोरेन चौक-रामपुर रिंग रोड फोरलेन, कांके-चिरौंदी सड़क और बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके अलावा नामकुम आरओबी से अनगड़ा सेक्शन तक रांची-पुरुलिया रोड के 17.70 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण प्रस्तावित है।
विभाग ने पंडरा-कांके और बरियातू-लेम-बड़गाईं-बोड़ियो सड़क सहित अन्य संपर्क पथों पर भी काम आगे बढ़ाने को कहा है। अधिकारियों को उपलब्ध जमीन पर निर्माण शुरू करने और शेष भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समयसीमा में पूरी करने का निर्देश दिया गया है। त्योहारों के दौरान सड़कों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त रखने पर भी जोर दिया गया है।



