
बोकारो : गणेश मंडली की ओर से रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर गणेश पूजा की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। मंडली के अध्यक्ष डब्बू सिंह ने बताया कि इस बार झारखंड में पहली बार प्रोजेक्टर मैपिंग के माध्यम से पंडाल पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आधारित विशेष शो प्रदर्शित किया जाएगा।

इसमें पहलगाम हमला, भारतीय सेना का पराक्रम और देशभक्ति से जुड़े वीडियो क्लिप्स दिखाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंडाल का स्वरूप दिल्ली के लाल किले की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। गणपति बप्पा की 22 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई जा रही है। प्रतिमा निर्माण के लिए मुंबई से कारीगर बोकारो पहुंच चुके हैं। भगवान गणेश के लिए कोलकाता से करीब पांच लाख रुपये के आभूषण मंगाए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पूरे सिटी सेंटर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। विसर्जन के दौरान भी विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। मौके पर महासचिव चंदन कुमार, उपाध्यक्ष राजकुमार, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता समेत मंडली के सदस्य मौजूद रहे।
Leave a Reply