
सिंदरी: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर मदर टेरेसा उच्च विद्यालय, सिंदरी की जूनियर शाखा से नशा मुक्त भारत के संदेश को लेकर प्रभात फेरी निकाली गई। विद्यालय से शुरू हुई रैली शिवमंगल मोड़, आई-टाइप, मुख्य बाजार, जयहिंद मोड़ और रांगामाटी पानी टंकी होते हुए विद्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें चतुर्थ से दशम वर्ग तक के करीब 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शहरपुरा मुख्य बाजार के चौराहे पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों से लोगों को जागरूक किया। बच्चों ने संदेश दिया कि नशे से दूर रहकर ही परिवार और समाज को सुखी एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।
जयहिंद मोड़ पर समाजसेवी अम्बुज कुमार मंडल ने सुभाषचंद्र बोस एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने नशा मुक्ति के संदेश के साथ रैली निकालने पर विद्यार्थियों को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभात फेरी में भारत माता, सुभाषचंद्र बोस, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शिक्षक हरेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में घोष दल का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्य राधेश्याम प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका सराहनीय रही।
Leave a Reply