
राँची : आजसू प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने नाथवानी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार से इंडिया गठबंधन की वास्तविक स्थिति उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि नाथवानी का अनुभव और दूरदर्शिता झारखंड की आवाज को संसद में और मजबूत बनाएगी। आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी इसे एनडीए की मजबूती का संकेत बताया।

इधर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने नाथवानी की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह राज्यहित, विकास और सुशासन की विचारधारा की जीत है। उन्होंने कहा कि विधायकों ने विकासोन्मुखी नेतृत्व के पक्ष में मतदान कर जनता की आकांक्षाओं का सम्मान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाथवानी राज्यसभा में झारखंड के हितों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और निवेश, उद्योग तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देंगे।

वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान ने कहा कि नाथवानी की जीत पहले से तय थी और उनकी जीत से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी विधायक जनार्दन पासवान ने भी उनके पक्ष में मतदान किया। प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए की ताकत लगातार बढ़ रही है।
गुरुवार देर रात नवनिर्वाचित सांसद परिमल नाथवानी बुकरु स्थित सुदेश महतो के आवास पहुंचे और उन्हें तथा उनकी पत्नी नेहा महतो को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सुदेश महतो दंपति ने भी नाथवानी को राज्यसभा चुनाव में जीत की बधाई दी। मौके पर डॉ. देवशरण भगत, हसन अंसारी सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि नाथवानी की जीत ने सत्तारूढ़ गठबंधन की एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम से इंडिया गठबंधन में बिखराव के संकेत मिले हैं और राज्य में एनडीए की स्थिति मजबूत हुई है।
Leave a Reply