
प्रशांत अम्बष्ठ
तेनुघाट: बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और पुलिस निरीक्षक शामिल हुए। गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट-वारंटियों की तामिला, अवैध खनन, शराब तस्करी तथा अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई।

एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने साइबर अपराध, नशा तस्करी और महिला संबंधी अपराधों पर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। साथ ही पुलिस अधिकारियों को जनता से बेहतर समन्वय स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और उपलब्धियों से भी एसडीपीओ को अवगत कराया।
Leave a Reply