ओबीसी मोर्चा की कमान संभालते ही मनोज वाजपेयी महतो ने संगठन विस्तार को बनाया प्राथमिकता

रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज वाजपेयी महतो का पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। पूजा-अर्चना और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के बाद महतो ने पदभार संभाला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा में पद लक्ष्य नहीं, संगठन और विचारधारा सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को मजबूती देने तथा पिछड़ा समाज के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की निष्ठा से बनती है और हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ओबीसी के सम्मान, अधिकार और प्रतिनिधित्व को नई मजबूती दी है। उन्होंने झारखंड में पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित कराने के लिए राजनीतिक संघर्ष तेज करने की जरूरत बताई। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में राज्य में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।
मनोज वाजपेयी महतो ने कहा कि संगठन विस्तार, पिछड़े समाज के अधिकारों की रक्षा और केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आजीवन भाजपा की विचारधारा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
Leave a Reply