
शिल्पी नेहा तिर्की ने सहकारिता योजनाओं की समीक्षा की, आधुनिक तकनीक और लॉजिस्टिक्स पर जोर
रांची: किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और बेहतर बाजार व्यवस्था से जोड़ना जरूरी है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को नेपाल हाउस में सहकारिता प्रभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बजट खर्च करना नहीं, बल्कि ऐसी योजनाएं जमीन पर उतारना है, जिनका सीधा और स्थायी लाभ किसानों और उत्पादकों को मिले। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में हर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज-कम-मार्केटिंग सेंटर की डीपीआर को आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए देश की अग्रणी लॉजिस्टिक और कोल्ड-चेन कंपनियों से तकनीकी सुझाव लेने को कहा गया।
बैठक में सरकारी स्कूलों में रागी आटे की आपूर्ति योजना की भी समीक्षा हुई। रांची, खूंटी और सरायकेला- खरसावां में पायलट प्रोजेक्ट से किसानों को बाजार और बच्चों को पौष्टिक आहार मिलने की उम्मीद है। वहीं ‘लाह पोषक समृद्धि योजना’ के तहत लाह उत्पादकों को पौधे उपलब्ध कराकर एकीकृत खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मंत्री ने पारदर्शिता, तकनीकी गुणवत्ता और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Leave a Reply