हिमांशु सिंह हत्याकांड झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण : आदित्य साहू

जमशेदपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आदित्यपुर स्थित दिवंगत हिमांशु सिंह के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में हुई हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का भयावह उदाहरण है।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और राज्य में अपराधियों की समानांतर व्यवस्था चल रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की है, क्योंकि उन्हें राज्य सरकार और वर्तमान जांच प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है।

आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी इस मांग का समर्थन करती है तथा मामले की सच्चाई सामने लाने और दोषियों को दंडित करने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। उन्होंने घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष भानू प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रवक्ता अभय सिंह, प्रकाश सिंह, आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *