
सिंदरी : विद्यापति परिसर कॉन्फ्रेंस हॉल, शहरपुरा सिंदरी में हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के सीएसआर सहयोग से एचएलएफपीपीटी संस्था द्वारा संचालित ‘सेहत साथी’ कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों के उपयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग को 28 व्हीलचेयर सुपुर्द की गईं। वहीं 15 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें न्यूट्रिशन किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वदेखभाल के प्रति जागरूक किया गया। एचयूआरएल प्रबंधन ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य वाले बच्चों का निर्माण करती है। मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही पोषण बेहद जरूरी है। नियमित जांच और स्वयं की देखभाल को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रूपक बनर्जी ने उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की जानकारी देते हुए समय पर जांच और सावधानी बरतने की सलाह दी। एचएलएफपीपीटी के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि न्यूट्रिशन किट में भुना चना, गुड़, दलिया, मूंगफली, खजूर और छुहारा शामिल हैं। उन्होंने आयरन-कैल्शियम की गोलियों, नियमित जांच और संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
मौके पर एचयूआरएल के मनीष कुमार, सौरोदीप रॉयचौधरी, एएस महाना, जीके बेहरा, फरूक अब्दुल्ला समेत एचएलएफपीपीटी के समीर कुमार, गणेश झा, स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट, एएनएम, सहिया और लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।
Leave a Reply