
बोकारो : जिले में चल रहे एसआईआर-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से एक दिन पहले ही लगभग पूर्ण कर लिया गया है। मंगलवार देर शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं एईआरओ के साथ प्रगति की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान 34-गोमिया, 35-बेरमो एवं 37-चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 99.66 प्रतिशत कार्य संपन्न हो चुका है। डीसी ने इस उपलब्धि पर सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य पूर्ण होने में अब केवल एक दिन शेष है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरे डाटा का एक बार पुनः सावधानीपूर्वक सत्यापन कर लें। साथ ही, उन्होंने सभी अधिकारियों से कार्यानुभव साझा करने को कहा और टीमवर्क की भावना से काम करने पर बल दिया।
अधिकारियों ने बताया कि डीसी के मार्गदर्शन, नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रतिदिन वीडियो संवाद के कारण तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करना संभव हुआ।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
Leave a Reply