
कसमार : प्रतिभा, रचनात्मकता और लेखन के दम पर बोकारो की बेटी अनन्या वर्मा ने एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। चिन्मया विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा अनन्या को बोकारो स्टील प्लांट के विजिलेंस विभाग द्वारा आयोजित आर्टिकल लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट लेखन के लिए सम्मानित किया गया। उनका लिखा आर्टिकल बीएसएल की ‘फॉर इम्प्रेशन जनरल’ पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा।

बगदा निवासी एवं गिरिडीह जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष तथा कसमार प्रखंड के प्रथम प्रमुख स्व. शैलेश्वर प्रसाद वर्मा की पौत्री और नितेश वर्मा की पुत्री अनन्या को बोकारो जनरल अस्पताल के निदेशक डॉ. बी.बी. करुणामय ने सम्मानित किया। इस अवसर पर बीएसएल के प्रभारी निदेशक प्रिय रंजन ने भी अनन्या की लेखन प्रतिभा की सराहना की।
खास बात यह है कि अनन्या इससे पहले भी ‘All the Girls I’ve Been’ नामक पुस्तक लिख चुकी हैं, जो विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। कम उम्र में लेखन के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल कर अनन्या ने अपने परिवार और बोकारो का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।



