
रांची: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को नाबार्ड द्वारा आयोजित ‘ग्रामीण भारत महोत्सव–क्लासिक एक्सपो 2026’ के छठे संस्करण का उद्घाटन किया। उन्होंने एक्सपो के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर बुनकरों, कारीगरों और महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। देशभर से आए प्रतिभागियों ने हैंडलूम, आर्ट एंड क्राफ्ट समेत विभिन्न ग्रामीण उत्पादों का प्रदर्शन किया। झारखंड की सिल्क साड़ियों और हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल विशेष आकर्षण रहे।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त किए बिना समावेशी विकास संभव नहीं है। ऐसे आयोजन ग्रामीण उत्पादों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराने के साथ उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाने में मददगार हैं। बायर्स-सेलर्स मीट के जरिए ग्रामीण उत्पादकों को बड़े बाजार से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने ग्रामीण उद्यमियों के लिए आसान ऋण और बेहतर बैंकिंग सुविधाओं की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला समूहों को प्रशिक्षण, स्वरोजगार, बाजार और वित्तीय अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बना रही है।
Leave a Reply