
रांची: विश्व आदिवासी दिवस पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने छात्र-युवा आंदोलनों को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने आंदोलनरत युवाओं से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नौजवानों को न्याय मिलेगा और दोषियों को दंडित किया जाएगा।

हेमन्त सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान लाठी, गोली या डंडे से नहीं, बल्कि बातचीत और संवाद से होता है। उन्होंने युवाओं से राजनीतिक दलों की छत्रछाया से दूर रहकर अपनी बात सीधे सरकार के सामने रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंदोलनरत छात्रों के साथ-साथ घर बैठे युवाओं की समस्याएं भी सुनेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों के साथ पारदर्शी तरीके से न्याय होगा और न्याय होता हुआ दिखाई भी देगा।
Leave a Reply