
रांची: डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर में शुक्रवार को डालसा की ओर से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, ऑनलाइन सुरक्षा तथा किसी अप्रिय स्थिति में सहायता लेने के तरीकों के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी असहज या प्रतिकूल परिस्थिति की जानकारी बिना डर और संकोच के माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को दें। उन्हें यह भी बताया गया कि जरूरतमंद बच्चों को नालसा, झालसा और डालसा की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश एवं डालसा सचिव राकेश रोशन, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान दंडाधिकारी अमित गुप्ता, विशेषज्ञ मध्यस्थ पीएन सिंह और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के उप मुख्य राजेश कुमार सिन्हा उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य पीके झा ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।



