
बोकारो: सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित 2nd एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समारोह में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर देशभर से पहुंचे तीरंदाजों का उत्साहवर्धन किया।

सुदेश महतो ने कहा कि खेल सिर्फ मैदान पर जीत का नाम नहीं, बल्कि हुनर, हौसले और मेहनत से देश का नाम रोशन करने का जुनून है। राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और सपनों को नई उड़ान देने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर मांडू विधायक निर्मल महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और सेवानिवृत्त न्यायाधीश एसके अग्निहोत्री सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply