
रातू: दलादिली चौक पर शनिवार सुबह सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन सचिव राजीव रंजन और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा ट्रिपल राइडिंग करने वालों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए यमराज के रूप में कलाकार ने सड़क दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों को दर्शाया। उसने लोगों से हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने की अपील की।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को फूल-माला और गुलाब देकर यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। यातायात नियमों का पालन, सावधानीपूर्वक वाहन चलाना और सुरक्षा उपाय अपनाना सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित करना था।



