
रामगढ़: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता, अखंडता और दृढ़ संकल्प के विचार झारखंड के स्वर्णिम भविष्य की राह दिखाते हैं। शनिवार को रामगढ़ के पटेल चौक स्थित पटेल भवन में सरदार पटेल की जयंती समारोह में उन्होंने यह बात कही। इस दौरान सुदेश महतो और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित अतिथियों ने पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि धर्म, संस्कृति और भाषा की विविधताओं से ऊपर उठकर एकता को मजबूत करना जरूरी है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और मांडू विधायक निर्मल महतो भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर असहाय और बुजुर्गों के बीच कंबल वितरित किए गए। आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी और केंद्रीय सचिव धनेश्वर महतो सहित अन्य शामिल हुए।



