
रांची: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने निर्देश दिया है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का एक भी बीमा दावा लंबित नहीं रहना चाहिए। प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। सोमवार को उन्होंने ‘अकवान’ तूफान से फसल क्षति और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा भुगतान की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों और बीमा कंपनियों को मिशन मोड में काम करने तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही और अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक जिले में बीमा दावों की निगरानी के लिए विशेष डैशबोर्ड तैयार करने को कहा। साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी और बीमा कंपनियों के माध्यम से पांच-पांच व्हाट्सऐप नंबर जारी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर बीमा कंपनी की टीम नुकसान का आकलन करेगी।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसानों को मुआवजे के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



