भ्रष्टाचार के खिलाफ बलियापुर में भाकपा माले का अनिश्चितकालीन धरना, पूर्व विधायक आनंद महतो की हुंकार

बलियापुर (धनबाद): भ्रष्टाचार, घूसखोरी और सरकारी योजनाओं में कथित धांधली के विरोध में भाकपा माले (बलियापुर अंचल एवं प्रखंड कमेटी) ने सोमवार से प्रखंड कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो की उपस्थिति में हुआ।

धरना को संबोधित करते हुए आनंद महतो ने कहा कि देश और समाज में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की लड़ाई में भाकपा माले हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने भ्रष्ट अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब मनमानी नहीं चलेगी।

धरना के दौरान नेताओं ने सरकारी दफ्तरों में बिचौलिया संस्कृति पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि गरीब लाभुकों को योजनाओं का लाभ देने के बजाय उन्हें गुमराह किया जाता है और आवाज उठाने पर झूठे मुकदमों की धमकी दी जाती है।

पहले दिन सिंदूरपुर पंचायत के खैरवानी गांव के श्रीकांत सोरेन ने मंच से ₹11,000 घूस देने के बावजूद लाभ नहीं मिलने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश चंद्र महतो ने की तथा संचालन देवाशीष पांडेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *