
रांची: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंतरी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपविकास आयुक्त संजय भगत, एसडीओ कुमार रजत, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, एडीएम (विधि-व्यवस्था) राजेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित मिले हैं, वहां पुनः संपर्क स्थापित कर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 13 व 14 जून 2026 को आयोजित शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया। सभी ईआरओ को प्रत्येक मतदान केंद्र पर समय पर कार्य शुरू कराने तथा बीएलओ को पर्याप्त प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। रिक्त एईआरओ पदों को शीघ्र भरने और बीएलओ की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए चयनित छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक समय पर आयोजित करने और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व शिकायतों, पहचान पत्र निर्माण, कोषागार अनुपालन, जलजमाव व सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
Leave a Reply