
धनबाद । सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं को लेकर एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने (प्रभारी) बाल विकास परियोजना पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, निरसा विक्रम आनंद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि धनबाद उपायुक्त, अपर समाहर्ता तथा एग्यारकुंड प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी भेजी गई है।
शशि भूषण तिवारी ने बताया कि गहन पुनरीक्षण जांच (SIR) के दौरान दो प्रमुख समस्याएं सामने आई हैं। पहली, योजना की पात्रता के लिए मतदाता सूची को अनिवार्य आधार बनाया गया है, जबकि कई योग्य किशोरियों का नाम तकनीकी कारणों से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। दूसरी, सर्वर की खराबी के कारण पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं हो रहे हैं। इससे 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की पात्र लड़कियां योजना के लाभ से वंचित हो रही हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं के माध्यम से भौतिक सत्यापन कर आवेदन स्वीकृत किए जाएं, ताकि कोई भी बेटी तकनीकी बाधाओं के कारण शिक्षा एवं प्रोत्साहन राशि से वंचित न रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस सचिव अर्जुन भुइयां, नुकुल मोदी, देव नारायण तांती, गौरी कुमार चैता, मनोज भुइया, श्याम सुंदर भारती, देवी लाल भुइंया, रवि भुइंया, सत्येंद्र कुमार, मनोज रजक और रूस्तम पासवान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Leave a Reply