
बोकारो : बेरमो विधायक अनूप सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी नेतृत्व क्षमता का परचम लहराया है। उन्हें इंडियन नेशनल माइनवर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान लगातार तीसरी बार सौंपी गई है। मध्य प्रदेश के उमरिया स्थित बांधवगढ़ में आयोजित फेडरेशन के 33वें राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन पर हुए संगठनात्मक चुनाव में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई।
तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनूप सिंह ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय मजदूरों के भरोसे और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कोयला और खनन क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकार, सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए उनकी लड़ाई पहले की तरह जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि मजदूरों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा और श्रमिकों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। अनूप सिंह के लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित होने से फेडरेशन में उनके नेतृत्व को एक बार फिर व्यापक समर्थन मिला है।



