Uncategorized

इक्फाई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 365 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

राज्यपाल संतोष गंगवार ने 23 मेधावियों को दिए स्वर्ण और रजत पदक, युवाओं से रोजगार सृजक बनने की अपील

रांची: इक्फाई यूनिवर्सिटी, झारखंड का सातवां दीक्षांत समारोह गुरुवार को डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार ने 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण और 11 रजत पदक भी दिए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। युवाओं को शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव ने विद्यार्थियों से केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि रोजगार सृजक बनने का प्रयास करने की अपील की। उन्होंने ज्ञान, नवाचार और उद्यमशीलता को सफलता का आधार बताया।

कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *