खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

खूंटी: खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य रोजदेव साहू उर्फ मास्टर (42) को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महरसिया गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, रोजदेव साहू के खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले तोरपा, कर्रा और मुरहू थाना में दर्ज हैं। वर्ष 2017 से वह कई मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। बरामद हथियार के संबंध में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में उग्रवाद और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *