छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार; दो बाइक, आठ मोबाइल व सोने के आभूषण बरामद

बलियापुर। बलियापुर पुलिस ने छिनतई एवं चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, सोने जैसे पीले धातु के आभूषण, चेन, बैटरी, इन्वर्टर समेत अन्य चोरी के सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार बलियापुर थाना कांड संख्या 110/26, दिनांक 29 जून 2026 के तहत कार्रवाई की गई। 28 जून की रात बेलगड़िया फेज-2 स्थित तीन तल्ला पानी टंकी के पीछे झाड़ियों में कुछ युवकों द्वारा चोरी के सामान का बंटवारा किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सुमित कुमार निशाद, शहबाज अंसारी उर्फ छोटू अंसारी, रोहित कुमार रजक एवं रवि बाउरी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल, पर्स, लैपटॉप एवं अन्य सामान की छिनतई और चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो होंडा शाइन मोटरसाइकिल, आठ स्मार्टफोन, सोने जैसे पीले धातु के आभूषण व चेन, एक्साइड 200 एएच बैटरी, माइक्रोटेक इन्वर्टर तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों से इनके संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *