Uncategorized

जनता दरबार में शिकायतों पर सख्त हुए उपायुक्त, सिल्ली अंचल के अनुसेवक का वेतन रोकने का आदेश

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

गंभीर मरीजों को इलाज के लिए राशन कार्ड उपलब्ध कराने में प्राथमिकता देने का निर्देश

रांची: रांची समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता के खिलाफ उनकी पहली पत्नी ने मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुसेवक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया।

वहीं, खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने की मांग की। गंभीर रूप से बीमार बाली मिश्रा ने भी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के लिए राशन कार्ड का आवेदन दिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकारी लाभ नहीं मिलने, होमगार्ड नियुक्ति, जमीन संबंधी विवाद और पेंशन की शिकायतें भी सामने आईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *