चैंबर ने रांची में एम्स, अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन और खेलगांव के जीर्णोद्धार की मांग की

रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद-रांची के बीच सीधी सुपरफास्ट अथवा अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने में सहयोग मांगा। इस दौरान रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ से भी उद्योग एवं व्यापार के विषयों पर चर्चा हुई।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि सीधी रेल सेवा नहीं होने से गुजरात जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने छायापुरी, उज्जैन, भोपाल, कटनी, सिंगरौली, डाल्टनगंज और लोहरदगा के रास्ते ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने खेलगांव की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए विशेष कमेटी से सर्वेक्षण और मरम्मत कराने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में अमित शर्मा, पूजा ढाढा और नवजोत अलंग भी शामिल थे।



