
रांची: रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात की। चैंबर ने मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का नामकुम और लोहरदगा की ट्रेनों का पिस्का स्टेशन पर ठहराव देने की संभावना पर विचार करने का सुझाव दिया।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने वैकल्पिक आवागमन मार्ग खुला रखने पर जोर दिया। डीआरएम ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। यात्रियों के लिए फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर, पार्सल कार्यालय की ओर आवागमन और फुट ओवरब्रिज की सुविधा बनी रहेगी।
यातायात सुधार के लिए स्टेशन के चारों ओर सड़क चौड़ीकरण और खेल मैदान को पार्किंग में बदलने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव रोहित अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।



