रिम्स में क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन, अब आंखों के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं : डॉ. इरफान अंसारी

रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स, रांची में अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन करते हुए कहा कि अब झारखंड के मरीजों को आंखों के बेहतर इलाज के लिए चेन्नई, वेल्लोर या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि नए संस्थान में मोतियाबिंद, रेटिना, कॉर्निया और ग्लूकोमा समेत आंखों से जुड़ी जटिल बीमारियों का आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में रिम्स-2 परियोजना का रास्ता भी साफ हो गया है, जो अगले तीन वर्षों में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित होगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह स्वयं डॉक्टर हैं और मरीजों की पीड़ा को समझते हैं, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समाज और मीडिया से डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी चिकित्सक मरीज की मृत्यु नहीं चाहता। कार्यक्रम में विधायक सुरेश कुमार बैठा, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह एवं रिम्स के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *