लखनऊ अग्निकांड के बाद बोकारो में कोचिंग, छात्रावास और होटलों का सुरक्षा ऑडिट शुरू

बोकारो : लखनऊ के अलीगंज स्थित एक एनिमेशन सेंटर एवं पेट क्लीनिक में आग लगने से 15 लोगों की मृत्यु की दुखद घटना के बाद बोकारो जिला प्रशासन ने जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों, ट्यूटोरियल, पुस्तकालयों, छात्रावासों, होटलों एवं गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कराने का निर्णय लिया है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने अनुमंडल पदाधिकारी चास एवं बेरमो, चास नगर निगम तथा फुसरो नगर परिषद के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विशेष सुरक्षा ऑडिट कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
जांच के दौरान संस्थानों में वैध फायर सेफ्टी एनओसी, आपातकालीन निकास द्वार, सुरक्षित निकासी व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा भवन की निर्धारित क्षमता के अनुरूप विद्यार्थियों एवं लोगों की उपस्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सीढ़ियों की स्थिति और आपदा के समय सुरक्षित निकासी की संभावनाओं का भी आकलन होगा।
उपायुक्त ने बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन को भी डीओ पत्र जारी कर नगर क्षेत्र के संस्थानों का विशेष ऑडिट कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *