
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी खोई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी।
अशोक बड़ाईक ने कहा कि चुनाव में हार के बाद चुनाव आयोग पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत बन गई है। यदि पार्टी के पास वोट चोरी के ठोस सबूत हैं, तो उसे उचित मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता।
भाजपा प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने चुनाव आयोग के पक्ष का हवाला देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा निष्पक्ष चुनाव और पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा के पक्ष में है।
अशोक बड़ाईक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए एसआईआर का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता विकास और सुशासन चाहती है, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं।



