
रांची: जिला सलाहकार समिति (पीसी एवं पीएनडीटी) की बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन, रिन्यूअल और चिकित्सकों की ज्वाइनिंग समेत विभिन्न मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अल्ट्रासाउंड संस्थानों में मशीनों की फॉर्म-बी में एंट्री, नई मशीन खरीदने तथा सेंटर शिफ्टिंग से संबंधित प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।

समिति ने प्राप्त अभ्यावेदनों पर विचार करने के बाद 13 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और तीन सेंटरों के रिन्यूअल को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा मशीनों की फॉर्म-बी में एंट्री तथा प्रमाणपत्रों की जांच के बाद चिकित्सकों की ज्वाइनिंग को भी अनुमोदन दिया गया। चिकित्सकों की ज्वाइनिंग से संबंधित पूरी जानकारी गरिमा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निरीक्षण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। समिति ने सेंटरों का निर्धारित अंतराल पर निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, समिति सदस्य एवं पीसी एवं पीएनडीटी को-ऑर्डिनेटर उपस्थित थे।
Leave a Reply