
रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को लोक भवन, रांची में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के एक शिष्टमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर के आदित्यपुर में हुए बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि 27 जून को आदित्यपुर में पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की हत्या हुई, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। शिष्टमंडल ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रही है और वास्तविक तथ्यों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने की पहल करने का आग्रह किया, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हो सके।
Leave a Reply