
कथारा (बोकारो): राजेंद्र प्रसाद सिंह स्मृति मंच के तत्वावधान में आरसीएमयू के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। उन्हें हाल ही में बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी का प्रवक्ता बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए पुष्पगुच्छ, माला, पगड़ी और शॉल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश शर्मा ने की, जबकि संचालन मंच अध्यक्ष विजय यादव ने किया। इस मौके पर मंच के कोषाध्यक्ष राजू वर्मा, सचिव सुजीत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अजय कुमार सिंह लंबे समय से मजदूरों, गरीबों और शोषितों की आवाज उठाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की नीतियां आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी। विजय यादव ने उन्हें जमीनी नेता बताते हुए कहा कि वे बेरमो क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं।
सम्मानित होने के बाद अजय कुमार सिंह ने स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे और मजदूरों के अधिकार, महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। अंत में देश व पार्टी की प्रगति के लिए संकल्प लिया गया।
Leave a Reply