
गोमिया (बोकारो): स्वांग कोलियरी क्षेत्र में वर्ष 2014 के चर्चित ‘तुगलकी फरमान’ कांड से जुड़ा परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। गोमिया थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी उमेश कुमार पासी (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मामला गोमिया थाना कांड सं. 99/2026, दिनांक 27 जुलाई 2026 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी गांधीग्राम, स्वांग का निवासी है और उस पर बीएनएस की धारा 64(2) की विभिन्न उपधाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी उमेश उसी घोपाल पासी का बेटा है, जो वर्ष 2014 में गुलगुलिया धौड़ा क्षेत्र में पंचायत का जाति मुखिया था। उस समय पंचायत के एक अमानवीय फैसले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था, जिसमें नाबालिग के साथ दुष्कर्म का फरमान सुनाया गया था।
थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर पहलू पर काम किया जा रहा है।
Leave a Reply