
बोकारो : चिन्मय विद्यालय, बोकारो में गुरुवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की नेवल यूनिट का मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साह और अनुशासन के वातावरण में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्र कैडरों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा की भावना तथा नौसेना के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के पेटी ऑफिसर एस. के. गुप्ता एवं अमित सिंह ने विद्यार्थियों को नौसेना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने कैडरों को सब-नेविगेशन, दिशा-निर्देशन, भारतीय नौसेना में भर्ती की प्रक्रिया, सशस्त्र बलों की भूमिका, युद्धपोत, पनडुब्बियों और नौसैनिक विमानों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही उन्होंने ड्रिल का अभ्यास कराया और अनुशासन, समयपालन तथा टीमवर्क के महत्व पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नौसेना और रक्षा सेवाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार तथा एनसीसी समन्वयक प्रांजल साकिया उपस्थित रहे। प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है और एनसीसी युवाओं में जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता तथा देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने दोनों पेटी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि चिन्मय विद्यालय के एनसीसी कैडेट भविष्य में भारतीय सशस्त्र बलों में उत्कृष्ट योगदान देकर विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।
Leave a Reply