
रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने सदर अस्पताल में अनशनकारी छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आमरण अनशन कर रहे छात्रों से मुलाकात की।

आदित्य साहू ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों पर केवल वार्ता और आश्वासन देकर मामले को टाल रही है। यदि सरकार की नीयत साफ है तो सीबीआई जांच की अनुशंसा करने से उसे डरना नहीं चाहिए। उन्होंने 2019 से 2026 तक जेपीएससी- जेएसएससी की सभी परीक्षाओं की जांच और परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता की मांग की।

उन्होंने सीआईडी जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के प्रभाव वाली एजेंसी से जांच होने पर छात्रों का भरोसा कायम नहीं हो सकता। आदित्य साहू ने अभाविप कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त का प्रस्तावित विधानसभा घेराव बड़ा आंदोलन होगा और सरकार को छात्रों की मांगों पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
Leave a Reply