
सिंदरी: सरस्वती विद्या मंदिर, सिंदरी में वॉलीबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। 8 अगस्त 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय वॉलीबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता (1-2 अगस्त, औरंगाबाद, बिहार) में विद्यालय की बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया, वहीं भैया की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। प्राचार्य सुनील कुमार पाठक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विजेता बहनों में प्राची सिंह, पीहू कुमारी, अनुष्का कुमारी सहित अन्य शामिल रहीं, जबकि भैया में सतीश ठाकुर, प्रिंस कुमार सहित कई खिलाड़ी सम्मानित हुए। अब बहनें अक्टूबर में ग्वालियर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
Leave a Reply