
गोमिया : धनबाद गतका एसोसिएशन द्वारा आयोजित चौथी झारखंड राज्य गतका चैंपियनशिप में पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीते हैं। 22 और 23 अगस्त को सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, हीराक रोड, धनबाद में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय ने 4 स्वर्ण, 5 रजत और 7 कांस्य पदक अपने नाम किए।
इस उपलब्धि के साथ ही विद्यालय के चार होनहार खिलाड़ी उत्कर्ष वीर, अनमोल शुभम, साहिल सिंह और धरा सिंह ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर विद्यालय का मान बढ़ाया है।
बालिका वर्ग में 11 पदक
बालिका वर्ग में छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन किया। धरा सिंह ने अंडर-17 टीम फरी सोती में स्वर्ण जीतकर नेशनल के लिए जगह बनाई। अविषा सिंह, मैथिली ठाकुर और कनक अनादि टोप्पो की टीम ने अंडर-14 सिंगल सोती में रजत तथा प्रगति बरनवाल ने अंडर-11 व्यक्तिगत सिंगल सोती में रजत पदक जीता। संस्कृति कुमारी, वर्षा कुमारी, खुशी कुमारी, स्मिता कुमारी और लक्ष्मी कुमारी की टीम ने अंडर-17 सिंगल सोती में कांस्य पदक हासिल किया।
बालक वर्ग में 5 पदक
बालक वर्ग में उत्कर्ष वीर ने अंडर-17 टीम फरी सोती में स्वर्ण, अनमोल शुभम ने अंडर-19 प्रदर्शन श्रेणी में स्वर्ण और साहिल सिंह ने अंडर-19 व्यक्तिगत सिंगल सोती में रजत पदक जीता। तीनों का चयन नेशनल के लिए हुआ है। साहिल का फाइनल मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद लॉटरी से तय हुआ। मो. हबीबुल्लाह और आरव कुमार पासवान ने अंडर-14 में कांस्य पदक जीते।
विद्यालय की गतका प्रशिक्षिका खुशी सिंह ने भी अंडर-30 व्यक्तिगत फरी सोती में स्वर्ण पदक जीतकर मिसाल पेश की।
सोमवार को प्रातः सभा में प्राचार्य बृज मोहन लाल दास ने सभी पदक विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रशिक्षक एन. अंसारी को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्राचार्य ने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता और आईईपीएल ओरिका के एमसीएम अभिषेक बिस्वास ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
Leave a Reply