
रांची: छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी, पिछले सात वर्षों की भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच समेत अन्य मांगों को लेकर भाजपा का राज्य सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम समाप्त हो गया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 8 से 11 सितंबर तक राज्य के सभी 24 प्रशासनिक जिलों में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इस दौरान जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के साथ डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
आदित्य साहू ने कहा कि प्रतिदिन छह जिलों में आंदोलन होगा। 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा, 9 सितंबर कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में प्रदर्शन होगा। 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा तथा 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में आंदोलन होगा।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ मारपीट करने वालों पर कार्रवाई के बजाय छात्रों को ही आरोपी बनाया गया। भाजपा अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मुकदमों से छात्रों की आवाज दबाने की भूल न करे। उन्होंने सरकार से मुकदमे वापस लेने और भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
Leave a Reply