
रांची: झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ बुधवार को बीएनआर चाणक्य होटल में हुआ। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, 10-बेडेड टेली-आईसीयू, एचआरआईएस पोर्टल और झारखंड ई-हेल्थ पोर्टल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि डिजिटल हेल्थ सरकार का केवल एजेंडा नहीं, बल्कि ऐसा सपना है, जिसे मेहनत के साथ जमीन पर उतारा जा रहा है। इसका सबसे बड़ा लाभ गरीब, ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए।

मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि टेलीमेडिसिन, टेली-आईसीयू और टेली-रेडियोलॉजी के विस्तार से दूरदराज के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। रोबोटिक सर्जरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक अब केवल मोबाइल स्क्रीन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अस्पतालों और मरीजों के इलाज में भी दिखाई देगी।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि करीब 300 करोड़ रुपये की मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के तहत कनेक्टिविटी, एचएमआईएस, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और डिजिटल डैशबोर्ड को प्रमुख आधार बनाया गया है। इससे घर बैठे पंजीकरण, भुगतान, अपॉइंटमेंट और डिजिटल रिपोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने डिजिटल स्वास्थ्य, रोबोटिक सर्जरी और एआई पर चर्चा की।
Leave a Reply