
बोकारो : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने सेक्टर-04 स्थित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा तथा खादी भवन में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद सेक्टर-06 स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री सेवा संघ के सदस्य भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं और खादी को अपनाकर आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत करने की अपील की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर महापुरुषों के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने शास्त्रीजी के ‘जय जवान, जय किसान’ संदेश को याद करते हुए देश और समाज की सेवा का आह्वान किया। डीडीसी ने सादगी, निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

Leave a Reply