
लोहरदगा: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने शुक्रवार को कुडू प्रखंड कार्यालय में आयोजित जनजातीय संवाद में ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों की समस्याएं सुनीं। संवाद में सड़क व आधारभूत सुविधाओं, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाओं और आदिवासी भूमि विवाद से जुड़े मामले उठे।

प्रतिनिधियों ने सीएनटी एक्ट के उल्लंघन से संबंधित भूमि हस्तांतरण, सरना एवं मसना स्थलों के निर्माण-संरक्षण तथा जनजातीय समाज के कल्याण से जुड़े मुद्दे भी रखे। डॉ. लकड़ा ने अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए मामलों का समयबद्ध और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जनजातीय भूमि मामलों में सीएनटी एक्ट के प्रावधानों का पालन, लंबित मामलों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई पर जोर दिया। स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और सड़क से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए। डॉ. लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों और हितों की रक्षा आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply