
रांची: आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में बुकरू स्थित आवास पर हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनमुद्दों को लेकर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति के केंद्र में जनता के सवाल होने चाहिए। पार्टी को अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और पंचायत व बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया।
बैठक में 11 अक्टूबर को गिरिडीह के पीरटांड़ में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर युवाओं से संवाद होगा। इसके बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला समितियों के कामकाज की समीक्षा तथा जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन पर चर्चा हुई। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस समेत कई नेता मौजूद रहे।
Leave a Reply