गांव-कस्बों से खेल प्रतिभाएं तलाशेगा रांची विश्वविद्यालय

रांची: रांची विश्वविद्यालय में मंगलवार को स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 में विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने और विभिन्न खेलों में प्रदर्शन सुधारने की रणनीति पर चर्चा हुई। कुलपति ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं का धनी रहा है। सलीमा टेटे, निक्की प्रधान तथा जूनियर हॉकी चैंपियन टीम की सदस्य पार्वती कुमारी और विनीमा धान ने विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। नई प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है।

बैठक में 2025-26 की खेल उपलब्धियों की समीक्षा की गई। पुरुष फुटबॉल टीम ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियन बनी और खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई किया। महिला फुटबॉल टीम उपविजेता रही। महिला हॉकी टीम ने ईस्ट जोन में तीसरा और ऑल इंडिया में चौथा स्थान हासिल किया। वुशू में विश्वविद्यालय ने पांच स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक जीते। महिला क्रिकेट टीम पहली बार ईस्ट जोन में चौथे स्थान पर रही और ऑल इंडिया के लिए क्वालीफाई किया। महिला तीरंदाजी टीम ने भी खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई किया।

ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे ने खिलाड़ियों के लिए दो-तीन सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर लगाने और दूरदराज क्षेत्रों में प्रतिभा तलाशने का सुझाव दिया। बैठक में 2026-27 के खेल कैलेंडर, चयन समितियों और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *