हिन्दी को राष्ट्र की एकता और प्रगति का माध्यम बनाएं : विश्वजीत कुमार

रांची: मेकॉन लिमिटेड, रांची की ओर से हिन्दी माह के तहत मंगलवार को जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मेकॉन के महाप्रबंधक (लौह निर्माण) एवं प्रभारी राजभाषा विश्वजीत कुमार के स्वागत एवं मार्गदर्शी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि हिन्दी हमारी पहचान, संस्कृति और स्वाभिमान की भाषा है। इसे केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और प्रगति का माध्यम बनाना चाहिए।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वरचित तथा प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं का प्रभावी पाठ किया। मेकॉन की ओर से विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। निर्णायक के रूप में सोनी वर्मा, निक्की राज और जेवीएम के शिक्षक राहुल कुमार उपस्थित रहे। सोनी वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हिन्दी भाषा और साहित्य से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। निक्की राज ने कहा कि पुरस्कार से बड़ी उपलब्धि मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यक्त करना है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीएन झा, समन्वयक प्रियंका कुमारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *